
शिव शक्ति गैस एजेंसी में गैस वितरण का निरीक्षण करते डीएम
कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- समाहरणालय मधेपुरा स्थित न्यू एनआईसी सभागार में बुधवार को जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था की वर्तमान स्थिति को लेकर प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। यह ब्रीफिंग जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी के सहयोग से संपन्न हुई।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि मधेपुरा जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता मांग की तुलना में पर्याप्त एवं संतोषजनक है। वर्तमान में जिले में कुल 4,04,080 उपभोक्ता हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2,78,661 उपभोक्ता शामिल हैं, जबकि शेष गैर-उज्ज्वला श्रेणी के हैं।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च 2026 को जिले में कुल 15,882 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसी दिन 4,790 सिलेंडरों की आपूर्ति प्राप्त हुई, जबकि 17 मार्च 2026 को मात्र 3,460 सिलेंडरों की बिक्री हुई थी। इससे स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता मांग से अधिक बनी हुई है। साथ ही, वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता भी मांग के अनुरूप सुनिश्चित है।
उपभोक्ताओं को गैस की बात समझाते डीएम अभिषेक रंजन
शिवशक्ति गैस एजेंसी का निरीक्षण करते जिला प्रशासन
जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें, ताकि सभी को समय पर आपूर्ति मिल सके।
प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा मुरलीगंज, सिंहेश्वर सहित विभिन्न प्रखंडों में स्थित एलपीजी गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी एजेंसियों को प्रशासनिक निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
वहीं सिंहेश्वर स्थित शिवशक्ति गैस एजेंसी के प्रोपराइटर यशवंत राणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्टॉक सही पाया गया। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गोदाम स्तर पर ही सेटअप के साथ पुर्जा काटकर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
إرسال تعليق