बाबा सिंहेश्वर नाथ के दरबार में बाबा के साथ होली खेलते पंडा
होली की मस्ती में डूबे पंडा समाज के पुजारी
होली में जमकर नाचते-गाते होली मनाते लोग
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बिहार के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सिंहेश्वर नाथ मंदिर में मंगलवार को दोपहर 12 बजे से होली का पर्व बाबा सिंहेश्वर नाथ के दरबार में धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं को रंगों की बौछार से होकर गुजरना पड़ा। करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पंडा समाज के बीच रंग और अबीर का खेल चलता रहा। जो भी श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे, वे शिवलिंग पर रंग अर्पित करते नजर आए।
चंद्रग्रहण के कारण बदला पूजा का समय
मंदिर में होली की विशेष पूजा चंद्रग्रहण के कारण निर्धारित समय से पहले दोपहर 12 बजे ही शुरू कर दी गई। सर्वप्रथम बाबा को दूध में भांग, काजू, किशमिश, पोस्तदाना, मरीच, केला, सौंफ सहित कई सामग्रियां मिलाकर तैयार किया गया “दूध-भंग” अर्पित किया गया। कई बाल्टी दूध-भंग बाबा सिंहेश्वर नाथ पर चढ़ाया गया। इसके बाद श्रद्धालु घंटों लाइन में लगकर भांग युक्त नीर का प्रसाद ग्रहण करते रहे।
होली की उमंग और बाबा भोलेनाथ के प्रसाद का संग
पूजा-अर्चना के उपरांत बाबा पर विधिवत रंग चढ़ाकर होली की औपचारिक शुरुआत की गई। पंडा समाज द्वारा रंगों की वर्षा की गई और बाद में बाबा को फूल एवं बेलपत्र से आच्छादित कर दिया गया। विभिन्न रंगों के अबीर से शिवलिंग का स्वरूप भी बदलता रहा। तत्पश्चात पुआ-पकवान, फल एवं विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया तथा आरती संपन्न हुई।
चंद्रग्रहण के कारण विधिवत आरती के बाद बाबा के गर्भगृह को बंद कर दिया गया। जानकारी दी गई कि शाम 6 बजकर 46 मिनट के बाद पुनः पट खोले जाएंगे और विशेष पूजा के बाद नियमित पूजन शुरू होगा।

बाबा के संग होली के बाद जमकर नाचते गाते पंडा और मंदिर कर्मी
लाउडस्पीकर की धुन पर झूमे पंडा समाज
होली के अवसर पर मंदिर परिसर में लाउडस्पीकर पर बज रहे होली गीतों और बाबा के भजनों पर पंडा समाज जमकर झूमा। रंगों की फुहार और भक्ति संगीत के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा। दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर को बंद कर दिया गया।
इस अवसर पर पुजारी मिथिलेश ठाकुर, सत्येंद्र ठाकुर उर्फ बचनू बाबा, प्रेमजी ठाकुर उर्फ प्रेम बाबा, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लालबाबा, शंकर ठाकुर उर्फ रधु बाबा, कलानंद ठाकुर, कृष्णा ठाकुर, दीपक ठाकुर, कन्हैया ठाकुर, सिंकु ठाकुर, निलांबर ठाकुर, नुना ठाकुर, माधव ठाकुर, वेदानंद ठाकुर, गिरजा ठाकुर, श्री नंदन ठाकुर, मोहन ठाकुर, भगवान ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर, केदार ठाकुर, विजय ठाकुर, नथ्थन ठाकुर, कैलाश ठाकुर, सुमन ठाकुर, विनोदानंद ठाकुर, रंधीर ठाकुर, जवाहर ठाकुर, अखलेश ठाकुर, प्रमोद ठाकुर, अविनाश ठाकुर, ललन ठाकुर सहित न्यास सदस्य रौशन ठाकुर, संजीव ठाकुर, प्रबंधक भवेश कुमार, लिपिक जेकी आनंद, लेखापाल राकेश कुमार श्रीवास्तव, श्रवण कुमार, विकेश झा, मंदिर प्रभारी अमरनाथ ठाकुर, सहयोगी रंजीत ठाकुर, अभिमन्यु कुमार और सचेन यादव उपस्थित रहे।
होली के इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सिंहेश्वर नाथ मंदिर में आस्था और उत्सव का संगम अद्भुत रूप में देखने को मिलता है।
एक टिप्पणी भेजें