कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- बिहार दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों एवं छात्रों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और प्रतिभाशाली छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में अमृता कुमारी, शैलेश कुमार चौरसिया, बंदना कुमारी, निलेश कुमार, मिथिलेश कुमार, मंजर आलम सहित अन्य टेक्निकल टीम के सदस्यों को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संजय कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) समग्र शिक्षा अभियान अभिषेक कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि शिक्षक ही जिले की रीढ़ हैं, जिनके प्रयास से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होती है। वहीं डीपीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि मधेपुरा जिले के शिक्षक दिन-रात मेहनत कर शिक्षा जगत में परचम लहरा रहे हैं, जिसमें उदाकिशुनगंज के शिक्षकों का योगदान सराहनीय है।
उदाकिशुनगंज प्रखंड से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में एसबीजेएस उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा साक्षी सुमन एवं छात्र सक्षम चौरसिया को विभिन्न विधाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इंस्पायर अवार्ड के तहत चयनित 9 छात्रों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने से छात्रों में खुशी का माहौल देखा गया।
साक्षी सुमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों, डीपीओ अभिषेक कुमार, डीईओ संजय कुमार एवं संभाग प्रभारी सुशील कुमार को दिया। वहीं सक्षम चौरसिया ने जिले के शिक्षकों और टेक्निकल टीम के योगदान को अपनी सफलता का आधार बताया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि जिले के शिक्षक कंधे से कंधा मिलाकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं। विधान परिषद सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज के आईना होते हैं। वहीं विधान पार्षद ललन कुमार ने शिक्षकों की लगनशीलता की प्रशंसा की।
सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि मधेपुरा सहित उदाकिशुनगंज के शिक्षक शिक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहते हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मधेपुरा को शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल बताया और कहा कि यहां के शिक्षक हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में संजय क्रांति, प्रेमलता, प्रीति चौधरी, रोशन कुमार, नीरज कुमार, गीतांजलि सहित कई शिक्षकों की भूमिका की सराहना की गई।
अमृता कुमारी ने कहा कि यह सम्मान जिले के शिक्षा पदाधिकारियों के मार्गदर्शन का परिणाम है, जबकि शैलेश कुमार चौरसिया ने इसे शिक्षा विभाग की प्रेरणादायक पहल बताया। बंदना कुमारी ने कहा कि शिक्षक समाज का आईना होते हैं और इस तरह का सम्मान गौरव का विषय है।
कार्यक्रम ने न केवल शिक्षकों और छात्रों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरणा भी प्रदान की।

إرسال تعليق