ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करते युवक गिरफ्तार, गिरफ्तार के निशानदेही पर दो और गिरफ्तार

 

ट्रांसफार्मर का तेल चोरी करते चोर को ग्रामीणों ने पकड़ा 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- थाना क्षेत्र में बढ़ रही ट्रांसफार्मर तेल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार देर रात एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।जिसमें गिरफ्तार आरोपी के शिनाख्त पर एक चोर और एक तेल खरीदने वाले को गिरफ्तार कर लिया। 

इस मामले में कहा जा रहा है कि सहायक विद्युत अभियंता विजय कुमार के नेतृत्व में सिंहेश्वर थाना पुलिस के साथ संयुक्त गश्ती के दौरान यह कार्रवाई की गई। रात करीब 02:30 बजे सूचना मिली कि पटोरी पंचायत के रामपुर वार्ड नंबर 11 स्थित दिनाभद्री मंदिर के पास ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करते हुए एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया है।

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर रखा था। उसके पास से करीब 3 मीटर लंबा पीले रंग का पाइप बरामद हुआ, जिसके एक सिरे पर प्लास्टिक की बोतल से बना कीप लगा हुआ था। जांच में ट्रांसफार्मर से तेल की कमी पाई गई।

पकड़े गए युवक ने अपना नाम मनीष कुमार (23), पिता विनोद यादव, निवासी लरहा वार्ड नंबर 10 बताया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ रूपेश कुमार और राजा कुमार भी थे, जो मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार फरार युवक भवानीपुर के निवासी हैं।

मनीष कुमार ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि चोरी किया गया ट्रांसफार्मर तेल बहेरी गांव स्थित एक ईंट भट्ठा एवं अन्य जगहों पर बेचा जाता था।

पुलिस ने तेल चोरी में प्रयुक्त उपकरण को जब्त कर लिया है तथा गवाहों की उपस्थिति में जप्ती सूची तैयार की गई। गिरफ्तार आरोपी को थाना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी ने बताया कि इस मामले में राजा कुमार और तेल खरीदने वाले को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

Post a Comment

और नया पुराने