
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान चला
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के निदेशानुसार सोमवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन, मधेपुरा के सौजन्य से बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत बाल विकास परियोजना, मुरलीगंज अंतर्गत संथाली टोला में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 58 तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मीरा गढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक अमन कुमार झा ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह में शामिल बैंड, बाजा, बाराती और सराती सभी कानूनी दायरे में आते हैं। इस अधिनियम के अंतर्गत दो वर्ष का सश्रम कारावास अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ राजेश कुमार ने घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा एवं लैंगिक हिंसा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
वहीं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिमन्यु कुमार ने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी बच्चों को समान रूप से शिक्षा देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए जिले में मिशन शक्ति कार्यालय संचालित है, जहां महिलाएं टोल फ्री नंबर 181 पर अपनी समस्याएं बताकर सहयोग प्राप्त कर सकती हैं।
प्रखंड समन्वयक आशीष कुमार ने कहा कि कन्याओं के उत्थान में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं के तहत महिलाओं को क्रमशः दो हजार रुपये एवं 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में सेविका रेशमी, सुनीता, मंजुला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
إرسال تعليق