मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में गर्भवती महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के साथ मिला शव, गले पर रस्सीनुमा निशान, बच्चे ने लगाया पिता पर गंभीर आरोप; जीआरपी जांच में जुटी

 

मृतका का फाइल फोटो मृतक के साथ रोते दोनों बच्चे 


कोशी तक/ मधेपुरा:- मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार अहले सुबह एक गर्भवती महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। प्लेटफॉर्म पर महिला का शव सोई हुई अवस्था में पड़ा था, जबकि उसके दोनों मासूम बच्चे शव के पास बैठकर रो रहे थे। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बच्चों से पूछताछ में पता चला कि उनका घर मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भतखोड़ा पंचायत वार्ड नंबर 8 में है। बच्चों ने अपनी मां का नाम काजल खातुन और पिता का नाम मोहम्मद मुर्शीद बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का ससुराल और मायका दोनों भातखोड़ा में ही है। परिजनों ने बताया कि काजल खातुन के दो छोटे बच्चे लड़की हैं और वह गर्भवती भी थी।

परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व महिला का अपने पति से विवाद हुआ था और पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। हालांकि, मामले ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब एक बच्चे ने आरोप लगाया कि “पापा ने मां को घर में गले में फंदा लगाकर मार दिया और ऑटो से रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चले गए।”

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के गले पर रस्सी नुमा निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और हर बिंदु पर जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत आत्महत्या है, हत्या है या किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने की खबर से लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم