कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- थाना क्षेत्र अंतर्गत इटहरी गहुमनी पंचायत के लालापट्टी वार्ड नंबर–01 में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली आगजनी की घटना सामने आई है। पीड़िता संजू देवी (50 वर्ष), पति राजकुमार राम ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने उनके घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनका पूरा आवासीय घर जलकर राख हो गया।
पीड़िता के अनुसार, घटना 06 फरवरी 2026 को दिन के करीब 3:35 बजे की है। उस समय संजू देवी गांव से बाहर चारा लाने गई हुई थीं। घर पर उनकी रिश्तेदार साजन कुमारी, पति दिनेश कुमार राम, अपने बच्चों के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान अजय राम (उम्र करीब 30 वर्ष), निवासी जीवछपुर वार्ड नंबर–10, थाना गम्हरिया, उनके घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
धुआं उठता देख साजन कुमारी जब घर के पिछवाड़े की ओर दौड़ीं, तो उन्होंने देखा कि अजय राम हाथ में पेट्रोल की बोतल लिए भाग रहा है। बताया गया कि आरोपी पहले से नहर के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर, जहां एक अन्य व्यक्ति हेलमेट लगाए बैठा था, सिंहेश्वर की ओर फरार हो गया।
आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीन कमरों का आवासीय मकान पूरी तरह जल चुका था। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह तीन गाय, एक बछड़ा एवं बकरियों को बचाया जा सका।
आगजनी में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता के अनुसार, जलने वाले सामानों में नकद ₹30,000, कपड़े, रजाई-कंबल, साड़ियां, फर्नीचर, चौकी, बक्सा, ट्रंक, अनाज (200 किलो चावल, 150 किलो गेहूं, 35 किलो मूंग), बर्तन तथा घरेलू सामान शामिल हैं। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात—सोने की बाली, नथिया, चांदी का पायल, बिछिया, सीसफुल, आदि भी आग में नष्ट हो गए। कुल क्षति का अनुमान लगभग 3 लाख 53 हजार बताया जा रहा है।
घटना के बाद पीड़िता ने सिंहेश्वर थाना में आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें