सिंहेश्वर महोत्सव का आमंत्रण पत्र
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सिंहेश्वर के मवेशी हाट परिसर में आयोजित होने वाले श्री सिंहेश्वर महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 20 फरवरी से तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को इस वर्ष भव्य रूप देते हुए सिंहेश्वर महोत्सव के नाम से आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद करेंगे।
उद्घाटन समारोह में मंच पर बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, सिंहेश्वर विधायक डॉ. रमेश ऋषि, मधेपुरा विधायक प्रो. चंद्रशेखर, बिहारीगंज विधायक निरंजन कुमार मेहता, बिहार विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ, डॉ. एन.के. यादव, संजीव कुमार सिंह एवं अजय कुमार सिंह की गरिमामई उपस्थिति रहेगी। वहीं सम्मानित अतिथियों के रूप में कोशी आयुक्त राजेश कुमार, सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार गोपाल मीणा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशिष शामिल होंगे।
सिंहेश्वर महोत्सव में राज्य एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए कला प्रेमी एवं कलाकार रंग-बिरंगे गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
महोत्सव के पहले दिन 20 फरवरी को स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुति के बाद इंडियन आइडल फेम मुंबई के गायक नीतिन कुमार तथा इंडियन टैलेंट के फाइनलिस्ट स्नेह आर्यन दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
21 फरवरी को स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकारों के बाद बिहार के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं अंतिम दिन स्थानीय व क्षेत्रीय कलाकारों के कार्यक्रम के पश्चात इंडियन आइडल फेम मुंबई की गायिका अनुष्का पात्रा अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी।
महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
إرسال تعليق