बैहरारी गांव में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य शुभारंभ, निकली भव्य कलश शोभायात्रा, क्षेत्र हुआ भक्तिमय

 भागवत कथा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा 



कोशी तक/शंकरपुर मधेपुरा:- शंकरपुर प्रखंड अंतर्गत बैहरारी गांव में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही विधिवत रूप से यज्ञ का शुभारंभ हो गया। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

आयोजकों ने बताया कि कलश शोभायात्रा बैहरारी वार्ड नंबर 03 से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ हुई। यह यात्रा पंचायत के वार्ड नंबर 02 व 01 होते हुए डंडारी और तरहा मार्ग से गुजरते हुए गिद्वा स्थित नदी पर पहुंची, जहां विधिविधान के साथ जलभर किया गया। इसके पश्चात शोभायात्रा यज्ञ स्थल पहुंची, जहां आचार्यों द्वारा कलशों की स्थापना यज्ञ मंडप में की गई।

शोभायात्रा के दौरान रास्ते भर ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का पानी, शरबत पिलाकर एवं पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में हर हर महादेव, जय श्रीराम, राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। यज्ञ को लेकर गांव का संपूर्ण माहौल भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण हो गया है।

ग्रामीणों के आपसी सहयोग से आयोजित इस यज्ञ में कथा व्यास पंडित विनोद पटेरिया महाराज के नेतृत्व में आचार्य दीपक पटेरिया, सुधीर तिवारी, प्रशांत नायक, रामकुमार (सिंगर), सोनी एवं चन्दु द्वारा संगीतमय कथा का रसपान कराया जा रहा है।

इस अवसर पर पतंजलि जिला युवा प्रभारी उपेन्द्र कुमार योगी ने बताया कि यह कथा विश्व शांति एवं गांव की समृद्धि की कामना के उद्देश्य से आयोजित की गई है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा मिलता है और आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है।

कथा के प्रथम दिन कथा व्यास पंडित विनोद पटेरिया महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मात्र से न केवल एक जन्म, बल्कि अनेक जन्मों के पापों का नाश होता है।

इस आयोजन को सफल बनाने में गजेन्द्र यादव, श्याम चौधरी, वृक्ष लाल सरदार, सुकराती सरदार, जोगी सरदार, दयानन्द सरदार, श्री प्रसाद चौधरी, सुरेन सरदार, जसेन्द्र सरदार, सुमन कुमार, उपेन्द्र सरदार, जयकृष्ण सरदार, सियाराम सरदार सहित सभी ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Post a Comment

أحدث أقدم