मुरलीगंज में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई 90 वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती

 90 वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का उद्घाटन करते अतिथि 



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेंट्रल बैंक के सामने स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र की ओर से मंगलवार को गोल बाजार स्थित गौतम शारदा पुस्तकालय में 90 वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर सहरसा सेवाकेंद्र प्रभारी स्नेहा बहन, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव दिनेश मिश्रा, नगर पंचायत मुरलीगंज के उपमुख्य पार्षद आनंद कुमार उर्फ श्याम ठाकुर, व्यवसायी निर्मल कुमार, विनोद बाफना एवं पार्षद उदय चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर स्नेहा बहन ने कहा कि त्रिमूर्ति शिव जयंती परमपिता परमात्मा शिव के अवतरण का महान स्मृति पर्व है। उन्होंने कहा कि जब संसार में विकारों के कारण अज्ञानता की अंधियारी रात छा जाती है, तब ज्ञान सूर्य परमात्मा शिव अवतरित होकर सत्य ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं, जिससे मानव आत्माएं पुनः पवित्र बनती हैं और सृष्टि सतोप्रधान स्वर्ग के रूप में परिवर्तित हो जाती है।

उन्होंने शिवलिंग पर भांग, धतूरा एवं अन्य विषैली वस्तुएं अर्पित करने के आध्यात्मिक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका भाव यह है कि परमात्मा शिव हमारी आत्मा के भीतर विद्यमान विषय-विकार रूपी विष को नष्ट कर हमें दिव्य गुणों से भर देते हैं। उन्होंने बताया कि इसका सहज और सरल मार्ग राजयोग है, जिसे स्वयं परमात्मा मानव कल्याण के लिए सिखा रहे हैं।

मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव दिनेश मिश्रा एवं उपमुख्य पार्षद आनंद कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सराहना की और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का स्वागत एवं संचालन रूबी बहन ने किया। कार्यक्रम के अंत में स्नेहा बहन द्वारा शिव ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं से शुभ संकल्प कराया गया। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर तेज नारायण यादव, उदय चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم