चार साल बाद भी पूर्ण नहीं हुई दिना पट्टी –नाढ़ी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना। दिना पट्टी - नाढ़ी मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों का आक्रोश।

 योजना स्थल पर लगे बोर्ड सड़क की कहानी कहते 



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- दिना पट्टी से नाढ़ी जाने वाली मुख्य सड़क पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य शुरू हुए करीब चार साल होने को हैं, लेकिन अब तक सड़क का कार्य पूरा नहीं हो सका है। अधूरी सड़क और बिखरी गिट्टी ग्रामीणों के लिए परेशानी के साथ-साथ लगातार दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज़ ग्रामीणों ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर केवल गिट्टी गिराकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। आए दिन बाइक सवार गिट्टी पर फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं चारपहिया वाहनों के गुजरने से गिट्टी उड़कर राहगीरों को घायल कर देती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, मजदूर, किसान और बुजुर्ग गुजरते हैं, जिन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण न सिर्फ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बल्कि बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण नवीन कुमार, मनीष कुमार, महादेव पासवान, राकेश कुमार, अमन कुमार, त्रिभुवन यादव, राकेश यादव, आशीष यादव, जयकांत ठाकुर, मो. मुख्तार, शिवा कुमार, विवेक कुमार, सर्वेश कुमार एवं अन्य ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की। बता दें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दिना पट्टी से नाढ़ी तक 11.760 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित था। सड़क किनारे लगे बोर्ड के अनुसार निर्माण कार्य की शुरुआत कार्यकारी एजेंसी कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग की देखरेख में संवेदक मनोज कुमार द्वारा 19 अप्रैल 2022 को हुई थी। जबकि कार्य समाप्ति की तिथि 18 अक्टूबर 2023 अंकित है। इसके बावजूद सड़क आज भी अधूरी पड़ी हुई है। बोर्ड पर निर्माण पूर्ण दर्शाया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। सड़क किनारे 06 मार्च 2023 को हुए शिलान्यास से संबंधित बोर्ड भी लगा हुआ है, जिसमें सांसद दिनेश चंद्र यादव, तत्कालीन शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर, बिहारीगंज विधायक निरंजन कुमार मेहता सहित अन्य अतिथियों के नाम अंकित हैं। शिलान्यास के वर्षों बाद भी सड़क का पूरा न होना ग्रामीणों के बीच नाराजगी का कारण बना हुआ है।

वहीं मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता विश्व बंधु राजीव रंजन ने बताया कि संवेदक को एनओसी से संबंधित कुछ तकनीकी अड़चनें थीं, जिस कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। उन्होंने बताया कि अब निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है और इसे मार्च माह के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने