जिला में राशि आने के बावजूद भुगतान नहीं, गोताखोरों का धरना

 

अंचल से दैनिक मजदूरी नही मिलने पर धरना देते गोताखोर 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- दैनिक मजदूरी के भुगतान में लापरवाही को लेकर आक्रोशित आपदा कर्मी एवं गोताखोरों ने 3 जनवरी शनिवार को अंचल कार्यालय के समीप एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जिला स्तर पर एक माह पूर्व ही भुगतान की राशि आ चुकी है, इसके बावजूद अंचल स्तर से अब तक उन्हें मानदेय नहीं दिया गया है।

धरनास्थल पर मौजूद गोताखोर अनिल कुमार पंडित, मनोज कुमार, मिथिलेश कुमार, गजेन मुखिया, महेश कुमार, रंजीत कुमार एवं विजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान को लेकर कई बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाए हैं। इसके लिए लिखित आवेदन भी दिए। लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।

गोताखोरों ने आरोप लगाया कि जिला में राशि उपलब्ध होने के बावजूद अंचल कार्यालय से भुगतान रोका जा रहा है। उनका कहना था कि अंचल नाजिर द्वारा भुगतान के नाम पर अवैध रूप से राशि की मांग की जाती है और मांग पूरी नहीं होने पर भुगतान लंबित रखा गया है। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।

मामले की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और आपदा कर्मियों एवं गोताखोरों से बातचीत कर स्थिति को शांत किया। अंचलाधिकारी के आश्वासन के बाद करीब अपराह्न 3 बजे धरना समाप्त कराया गया। उन्होंने कहा कि भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द ही मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा।

वहीं, अंचल नाजिर अमित कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि भुगतान से संबंधित किसी प्रकार की अवैध मांग का आरोप गलत है और नियमों के तहत ही कार्य किया जा रहा है। धरना समाप्त होने के बाद भी आपदा कर्मियों एवं गोताखोरों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को विवश होंगे।

Post a Comment

أحدث أقدم