हत्या की नीयत से मारपीट का दोनों आरोपी गिरफ्तार
कोशी तक /सिंहेश्वर मधेपुरा:- नगर पंचायत सिंहेश्वर के वार्ड नंबर 8 निवासी चांदनी देवी ने थाना में आवेदन देकर अपने पति दिवाकर कुमार राम के साथ हत्या की नीयत से मारपीट किए जाने का आरोप पड़ोस के ही दो भाइयों पर लगाया है। पीड़िता के अनुसार 31 दिसंबर को सुबह करीब 9 बजे उनके पति बाजार में अपनी सब्जी की दुकान लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले राकेश कुमार व मनीष कुमार दोनों पिता नीलम राम द्वारा दुकान से ले जाए गए सब्जी के करेट को वापस मांगने पर विवाद हो गया।
आवेदन में बताया गया है कि कहासुनी के बाद दोनों भाइयों ने लोहे की रॉड से दिवाकर कुमार राम पर हमला कर दिया। जिससे उनका पैर टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने छाती पर चढ़कर लात-घूंसे से बेरहमी से पिटाई की। घटना की जानकारी मिलने पर जब पीड़िता मौके पर पहुंची तो उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि राकेश कुमार ने उसकी लज्जा भंग करने की नीयत से ब्लाउज फाड़ दिया। वहीं रेखा देवी व राकेश कुमार द्वारा पीड़िता के ब्लाउज से 2400 रुपये नकद और करीब 35 हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। वही बीच-बचाव करने आए 12 वर्षीय नाबालिग पुत्र सत्यम कुमार के साथ भी मारपीट की गई। हंगामा होते देख आसपास के लोगों ने किसी तरह पीड़िता और उसके पुत्र को बचाया। गंभीर रूप से घायल दिवाकर कुमार राम को पहले सीएचसी सिंहेश्वर लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए मधेपुरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान छह जनवरी की सुबह दिवाकर कुमार राम की मौत हो गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि थाना जाने के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूर्व के आवेदन के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें