कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सबैला वार्ड नंबर 9 में मशीन से निकल रहे डस्ट को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर दबिया से सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक आनंद रवि राज (30) को गंभीर हालत में जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल, सबैला मधेपुरा में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर में करीब सात टांके लगाए गए हैं और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित के पिता अशोक कुमार 64 वर्ष ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 10 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके पड़ोसी चंदन उर्फ डोमी यादव अपने घर के सामने मशीन से कूटटी काट रहा था। मशीन से निकल रहा डस्ट उड़कर उनके घर के अंदर जा रहा था, जिससे घर का सामान गंदा हो रहा था। इसी बात को लेकर उनके पुत्र आनंद रवि राज ने मशीन को दूसरी दिशा में मोड़ने की बात कही।
आरोप है कि इस बात पर चंदन उर्फ डोमी यादव गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसकी मां सुशीला देवी, नीतू देवी, चंचल कुमार तथा अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान चंदन उर्फ डोमी यादव ने जान से मारने की नीयत से दबिया से आनंद रवि राज के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने आनंद रवि राज की शर्ट की जेब से 25 हजार रुपये नकद निकाल लिए तथा गले से एक भर सोने की चेन भी छीन ली। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी मिकी कुमारी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में आनंद रवि राज को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। इस संबंध में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق