यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 वाहनों से वसूला गया 53 हजार रुपये जुर्माना

53 हजार का कटा चालान, यातायात विभाग की सख्ती 



कोशी तक/मधेपुरा:- शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को मधेपुरा यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई हनुमान नगर चौक स्थित महावीर मंदिर के पास की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की। जांच के क्रम में बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल लगभग 25 वाहन चालकों से 53,000 रुपये (तिरेपन हजार) का जुर्माना वसूला गया।

मौके पर मौजूद यातायात पुलिस अधिकारी अमन आनन ने बताया कि यह अभियान जिला प्रशासन के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा,

“हमारा उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। जांच के दौरान यह देखा गया कि कई लोग अब भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। भविष्य में भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।”

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी वैध कागजात साथ रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न केवल चालान से बचाता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में जान की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।

Post a Comment

और नया पुराने