कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिंहेश्वर पिपरा रोड स्थित बुढावे पुल के नीचे बुधवार की सुबह बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो के आधार पर कर ली गई। मृतक की पहचान सहरसा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 निवासी अस्मित आनंद उर्फ विनित कुमार पिता अभय कुमार यादव के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पिता अभय कुमार यादव ने बताया कि उनका पुत्र 17 नवंबर को मधेपुरा किसी कॉलेज में अपना सीएलसी निकालने के लिए घर से निकला था। उसके बाद से ही उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। इसी बीच बुधवार को सोशल मीडिया पर एक युवक के शव की फोटो देखी, जिसके बाद शक होने पर वे सिंहेश्वर थाना पहुंचे। शव को देखकर उन्होंने अपने पुत्र की पहचान की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के नीचे शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थी। कुछ लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को नीचे फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण की जानकारी मिल सकेगी।थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और कॉल डिटेल्स सहित अन्य तकनीकी तथ्यों की भी जांच की जाएगी। वही युवक की संदेहास्पद मौत से परिवार समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें