सीएचसी में इलाज के दौरान गृह रक्षक
गृह रक्षक की मौत के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष
कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर विधानसभा 72 में सिंहेश्वर स्थित बाबा सिंहेश्वर कॉलेज में रविवार की रात चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक गृह रक्षक की अचानक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के पथराहा गांव निवासी रामप्रसाद मंडल, जो गृह रक्षक के पद पर तैनात थे, चुनाव ड्यूटी के लिए सिंहेश्वर पहुंचे थे और बाबा सिंहेश्वर कालेज परिसर में ही ठहरे हुए थे। रविवार की रात करीब नौ बजे भोजन करने के बाद उन्हें अचानक बेचैनी महसूस होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर साथियों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस सहायता दल के कर्मियों द्वारा उन्हें शीघ्र ही बाबा सिंहेश्वर कॉलेज से सिंहेश्वर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उपस्थित चिकित्सक डॉ. रविंद्र कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डा. रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला कार्डियक अटैक (हृदयाघात) का प्रतीत होता है। घटना की जानकारी मिलते ही सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक विभागीय कार्रवाई की। इस दुखद घटना से चुनाव ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों में शोक की लहर है। प्रशासनिक स्तर पर मृतक कर्मी के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
إرسال تعليق