कोशी तक / मधेपुरा:- मधेपुरा जिला स्वीप कोषांग की ओर से बुधवार को डीआरडीए परिसर से दिव्यांग जनों की ट्राई साइकिल रैली निकाली गई। इस रैली में 100 से अधिक दिव्यांग प्रतिभागियों ने भाग लिया। रैली को उप-विकास आयुक्त अनिल बसाक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डीडीसी अनील बसाक ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को दिव्यांगजनों द्वारा ट्राई साइकिल रैली का आयोजन किया गया, ताकि समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाया जा सके।
6 नवंबर को मधेपुरा जिला में मतदान
डीडीसी श्री बसाक ने बताया कि मधेपुरा के चारों विधानसभा क्षेत्र में 6 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी बूथों पर रैंप की व्यवस्था की गई है। साथ ही जिन दिव्यांगजनों के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचना कठिन है, वे फॉर्म 12 डी भरकर अपने घर से भी मतदान कर सकते हैं।
जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर करे कॉल
उन्होंने बताया कि मतदाता किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं, जहां उन्हें चुनाव से संबंधित सभी जरूरी जानकारी मिलेगी। स्वीप कोषांग की ओर से जिले में लगातार मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मीडिया और जिला प्रशासन के बीच होगा मैत्री क्रिकेट मैच
डीडीसी अनील बासका ने बताया कि रविवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मीडिया और जिला प्रशासन के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जिला स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, निदेशक डीआरडीए अमित पांडेय, सहायक नोडल रिपु दमन, अवनीश कुमार, रूपा कुमारी, रानी कुमारी, ग्रामीण विकास पदाधिकारी शायक आलम, कामरान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। रैली में जिला दिव्यांग स्वीप आइकान संजीव कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दिव्यांग मतदाताओं ने भाग लिया।


एक टिप्पणी भेजें