कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर आरक्षी केंद्र में 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कर्तव्यपथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले देशभर के वीर पुलिस जवानों को नमन किया गया। कार्यक्रम में एसपी संदीप कुमार सिंह, एएसपी प्रवेंद्र भारती और ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एसपी संदीप कुमार सिंह ने शहीद जवानों के परिजनों को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी, उनका यह बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। राष्ट्र सदैव अपने वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का ऋणी रहेगा। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों से प्रेरणा लेने और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने बताया कि पुलिस संस्मरण दिवस पहली बार वर्ष 1960 में मनाने का निर्णय लिया गया था। इस दिन उन पुलिस कर्मियों को याद किया जाता है जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहता है। और अपने जीवन की परवाह किए बिना समाज की सेवा करता है। कार्यक्रम में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, सार्जेंट मेजर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मी उपस्थित थे। सभी ने शहीद जवानों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजन भी उपस्थित थे। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने शहीदों को सलामी देकर उनकी याद में अपनी कृतज्ञता व्यक्त की
देश के शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का ऋणी रहेगा राष्ट्र : एसपी संदीप सिंह
Dr.I C Bhagat
0
Tags
सिंहेश्वर मधेपुरा

إرسال تعليق