संयुक्त एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का जोश 'हाई', 225 सीटें जीतने की दिखी तैयारी, सभी घटक दलों के अध्यक्ष हुए शामिल, और फिर से सरकार बनाने का किया दावा

Dr.I C Bhagat
0

 कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन करते दीलीप जायसवाल कार्यकर्ता सम्मेलन में माला से सम्मानित करते कार्यकर्ता


एनडीए सरकार बिहार को समृद्धि के नए मार्ग पर ले जाने का कर रही प्रयास : डॉ. दिलीप जायसवाल

एनडीए कार्यकर्ताओं की निष्ठा हमारे लिए प्रकाश स्तंभ : डॉ. दिलीप जायसवाल

विपक्ष की राजनीति निज स्वार्थपूर्ति के अलावा कुछ नहीं : डॉ. दिलीप जायसवाल

उन्नति के शिखर पर होगा बिहार : डॉ. दिलीप जायसवाल

एनडीए के घटक दलों का एक ही लक्ष्य, एक ही उद्देश्य और एक ही संकल्प : उमेश सिंह कुशवाहा

आगामी चुनाव में विपक्ष का खाता खुलना भी मुश्किल : राजू तिवारी

कार्यकर्ताओं का जनसैलाब एकजुटता का संदेश : अनिल सिंह

पीएम और सीएम के नेतृत्व में विकास की बह रही गंगा : मदन चौधरी


कोशी तक / मधेपुरा:-  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज मधेपुरा में लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि एनडीए की सरकार केंद्र की हो या प्रदेश की, बिहार को समृद्धि के नए मार्ग पर ले जाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए ही केंद्रीय बजट में बिहार के किसानों, छात्रों, महिलाओं और आम लोगों सहित आधारभूत संरचनाओं के लिए कई सौगात दी गई है।

एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने आज मधेपुरा के बीएन मंडल स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया। सम्मेलन में एनडीए के दलों ने अपने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया।

इस एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से भाग लिया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही हमारे लिए प्रकाश स्तंभ है। आप सभी कार्यकर्ताओं के प्रकाश पुंज की रोशनी से एनडीए की चमक बरकरार है। उन्होंने कहा कि आज आप सभी के निष्ठा से एनडीए को सफलता मिल रही है।

उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि हमारी राजनीति जहां जनसेवा की रही है, वहीं विपक्ष की राजनीति निज स्वार्थपूर्ति के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने बिना किसी के नाम लिए हुए राजद को लेकर कहा कि एक पार्टी के अध्यक्ष तो अपने पुत्र को मुख्यमंत्री बनाने के लिए व्यग्र हैं। उन्हें मालूम नहीं कि जनता जिसे पसंद करती है, उसी को मुख्यमंत्री भी चुनती है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रत्येक परिवार से संवाद स्थापित करें। इस संवाद से उनकी समस्याओं को जानने का अवसर मिलेगा और उसका समाधान भी होगा। इससे जनता का स्नेह भी मिलता रहेगा।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में जिस तरह से डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, उससे वह दिन दूर नहीं जब बिहार उन्नति के शिखर पर होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वहीं उनकी प्राथमिकता में बिहार पहले नंबर पर है।


इधर, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए के घटक दलों के नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं का जुटान इस स्टेडियम में हुआ है। सभी घटक दलों का एक ही लक्ष्य, एक ही उद्देश्य और एक ही संकल्प है। एनडीए के नेता ही नहीं, कार्यकर्ता भी जमीनी स्तर पर एकजुट हैं। यह भीड़ उसी एकजुटता का परिचायक है। अब हमें ही नहीं, किसी को भी फिर से एनडीए की सरकार बनने में संकोच नहीं होना चाहिए।

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि आने वाला चुनाव बेहद खास है और आज से ही हमें उसकी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह युवा कार्यकर्ता यहां जुटे हैं और उत्साहित हैं, उससे यह साफ है कि विपक्ष को इस बार खाता खोलना भी मुश्किल हो जाएगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन में हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उमड़ा यह जनसैलाब आने वाले विधानसभा की वह आहट है जिसमें हमारी एकजुटता एक है और संकल्प साफ है। हम 225 सीट जीतकर नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में एनडीए सरकार की विकास नीतियों को जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है।

रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने दावा करते हुए कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। ये विकास कार्य ही हमारी सफलता का परिचायक है। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग विकास करने वालों को फिर से चुनेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
//banner