कोशीतक/ चौसा मधेपुरा
मधेपुरा के भटगामा उदाकिशनगंज एसएच 58 पर रविवार की रात तेज गति से आ रही हाइवा की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान चौसा पूर्वी पंचायत के अभिया टोला निवासी प्रमोद मंडल के 28 वर्षिय बेटे राजीव कुमार के रूप में की गई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाइवा में आग लगा दिया। मौके पर पहुंची चौसा थाने की पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला को शांत करवाया। परिजनों ने बताया कि रविवार की रात राजीव बाइक से अपने ससुराल आलमनगर थाना क्षेत्र के लूटना गंगापुर जा रहा था। रास्ते में भरगामा-उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग पर मुरली चौक के पास एक तेज गति से आ रही हाइवा की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को सीएचसी चौसा में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन जब तक उसे लेकर भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गई। बताया गया कि राजीव बिजली मिस्त्री का काम करता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। चौसा थानाध्यक्ष मुमताज अंसारी ने बताया कि रोड एक्सीडेंट में घायल युवक को पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से चौसा अस्पताल पहुंचाया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।