कोशीतक/ सिंहेश्वर मधेपुरा
मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र में आचार संहिता समाप्त होने के बाद भी विकास कार्य शुरू नहीं होने पर 10 से ज्यादा पार्षद व उसके प्रतिनिधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भानू प्रताप ने कहा कि लंबे समय से शहर का विकास कार्य अटका हुआ है। अब आचार संहिता खत्म हो गया है तो उसमें तेजी लाने की जरूरत है। लेकिन नगर परिषद में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमलोग भी जनता के प्रतिनिधि हैं। हमलोगों को भी जबाब देना होता है। अगर शहर में विकास कार्य नहीं होगा तो जनता हिसाब मांगेगी ही।
विकास कार्य अवरुद्ध होने से लोगों में आक्रोश
उन्होंने कहा कि नगर परिषद में गंदी राजनीति बंद करनी होगी तथा सभी को मिलकर विकास कार्य करना होगा। पार्षद अशोक कुमार यदुवंशी ने कहा कि शहर में विकास कार्य अवरुद्ध है। आवास योजना से लेकर सड़क निर्माण व नली-गली योजना ठप है। ऐसे में लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है। नगर परिषद को इसके लिए अब आगे आना होगा। बरसात से पहले बरसात में होने वाली समस्या को लेकर कोई ठोस तैयारी नहीं है। पार्षद शशि कुमार, जटाशंकर कुमार ने कहा कि बरसात का समय आ रहा है। लेकिन इसकी पूर्व कोई ठोस तैयारी नहीं हो रही है। इसका मतलब है कि नगर परिषद इसके प्रति गंभीर नहीं है। पार्षद अजय ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से बोर्ड की बैठक नहीं हुई है।बोर्ड का बैठक ही विकास की दिशा तय करती है। लेकिन नगर परिषद इसके लिए गंभीर नहीं दिखता है। सभी ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर समय पर कार्य नहीं हुआ तो हमलोग बाध्य होकर आंदोलन करने को विवश होंगे। मौके पर कई पार्षद व प्रतिनिधि मौजूद थे।
बैठक के बाद समस्या होगी दूर
उपमुख्य पार्षद पुष्पलता कुमारी ने कहा कि विकास कार्य के लिए सभी को एक साथ आना होगा तभी शहर का विकास होगा। कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने कहा कि जल्द ही सामान्य बोर्ड की बैठक कर शहर की समस्याओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। शेष बचे कार्यों को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
إرسال تعليق