कोशीतक/ फुलोत मधेपुरा
फुलौत इलाके में सिपाही भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे एक युवक को बुधवार की सुबह तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया। इससे घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान मोरसंडा पंचायत के श्रीपुर बासा वार्ड नंबर 8 निवासी भागीरथ सिंह के 24 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने फुलौत के समीप एनएच-106 को जाम कर दिया। सूचना देने के तीन घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से भी ग्रामीण नाराज थे। ग्रामीणों ने घटना को अंजाम देकर फरार हुए हाइवा के चालक को गिरफ्तार करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार विकास कुमार ने हाल ही में बिहार पुलिस का मेंस क्लियर किया था। आगे की परीक्षा के लिए वह दौड़ की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान बुधवार की सुबह वह अपने घर से निकल कर बड़ी खाल पहुंचा था। वहीं पर एक तेज गति से आ रहा हाइवा लगभग 5 बजे सुबह उसे कुचलकर फरार हो गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मृतक विकास के मोबाइल से ही उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस
ग्रामीणों का आरोप है की सूचना देने के 3 घंटे बाद भी फुलौत पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित लोगों ने एनएच-106 को जाम कर दिया। इसके बाद पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने दो हाइवा चालक को पकड़ कर दिया। इस बाबत ग्रामीण राहुल कुमार ने बताया कि चालक ने बताया वह एमसीसी कंपनी में काम करता है। जबकि ठोकर मारने वाला हाइवा इफ्कोन कंपनी का था। अंधेरा के कारण हाइवा का नंबर वे लोग नोट नहीं कर पाए। लेकिन चालक को पहचानते हैं। इधर, पुलिस भी जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रही हैं। आक्रोशित लोग मुआवजा के साथ-साथ दोषी पर कार्रवाई करने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने देने की मांग पर अड़े हुए हैं।
एक टिप्पणी भेजें