भतखोड़ा में अगलगी से दो परिवारों के घर राख, चार बकरियां और बाइक समेत लाखों की संपत्ति नष्ट

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग


कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:-  प्रखंड क्षेत्र के भतखोड़ा पंचायत अंतर्गत कटैया टोला वार्ड संख्या 9 में सोमवार को दिन के करीब 11 बजे आग लगने से दो परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आगलगी की इस घटना में चार बकरियां, ग्लैमर मोटरसाइकिल, अनाज, कपड़े, जरूरी कागजात सहित लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मो. सिराजुल और मो. जब्बार के घर में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घर से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों के प्रयास के बावजूद दोनों परिवारों के घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया।

बताया जाता है कि घर की दीवार नीचे से बनी थी और ऊपर टीन की छत थी। आग की चपेट में एक फूस का घर भी आ गया। इस दौरान चार बकरियां और ग्लैमर मोटरसाइकिल जल गई। इसके अलावा घर में रखा राशन, खाने-पीने का सामान, कपड़े, जरूरी कागजात और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी नष्ट हो गईं। आगलगी से दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

मुआवजे की मांग, प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद पीड़ित परिवारों के समक्ष जीवनयापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने बताया कि आगलगी की घटना की जानकारी मिली है। संबंधित कर्मचारी को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم