बाबा मंदिर के विकास कार्यों पर मंत्री की फटकार। मार्केट कॉम्प्लेक्स व पंडा निवास की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, डीपीआर-एग्रीमेंट लेकर तलब हुए अधिकारी

पयर्टन मंत्री केदार गुप्ता विकास कार्यों का निरीक्षण करते 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से चल रहे विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए सिंहेश्वर पहुंचे मंत्री ने सबसे पहले बाबा सिंहेश्वरनाथ का षोडशोपचार पूजन किया। पुजारी अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा एवं पंकज बाबा ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। पूजा के बाद मंत्री ने बाबा सिंहेश्वरनाथ से सिंहेश्वर और बिहार के सर्वांगीण विकास की कामना की।

पूजन के बाद मंत्री ने पर्यटन विभाग के तहत निर्माणाधीन मार्केट कॉम्प्लेक्स और पंडा निवास सह धर्मशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की स्थिति देखकर मंत्री अधिकारियों से खासे नाराज नजर आए। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव कुमार को फटकार लगाते हुए डीपीआर और एग्रीमेंट लेकर उपस्थित होने का निर्देश दिया।

फूड कोर्ट और मंडप का काम शुरू तक नहीं

निरीक्षण के दौरान मंत्री के सामने यह सवाल भी उठा कि पर्यटन विभाग की योजना में शामिल कई महत्वपूर्ण कार्य अभी तक जमीन पर गति नहीं पकड़ सके हैं। फूड कोर्ट और मंडप का कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसी कारण उन्हें स्वयं स्थल निरीक्षण के लिए आना पड़ा है। उन्होंने अधिकारियों से काम की वास्तविक प्रगति और निर्धारित समय सीमा की जानकारी भी ली।

धर्मशाला की गुणवत्ता पर भी सवाल

पंडा निवास सह धर्मशाला के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और स्वीकृत डीपीआर के अनुसार काम होने की जानकारी मांगी। मंत्री के तेवर से निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों में खलबली मची रही।

जांच के बाद बनेगी जांच और टेक्निकल कमिटी

कार्य में अनियमितता या कमी की जांच के लिए कमिटी गठन के सवाल पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि वे अभी स्थल पर पहुंचे हैं। निरीक्षण और जांच के बाद सामने आने वाली कमियों के आधार पर जांच कमिटी के साथ-साथ टेक्निकल कमिटी के गठन पर निर्णय लिया जाएगा।

काम की गति को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने साफ कहा कि कार्य कछुआ गति से नहीं चल सकता। निर्धारित समय सीमा के अंदर काम पूरा नहीं होने पर संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मिथिला रीति-रिवाज से हुआ मंत्री का स्वागत

निरीक्षण से पूर्व बाबा मंदिर के नियंत्रण कक्ष में न्यास सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का मिथिला रीति-रिवाज से स्वागत किया। उन्हें पाग, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट किया गया। इस दौरान विजय कुमार सिंह, हरेंद्र मंडल, रौशन ठाकुर, योग नारायण पटेल, विद्यानंद ठाकुर, पवन ठाकुर, विष्णु शर्मा, राजा साह, सुभाष कुमार, संजय पाठक सहित कई लोग मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि मंत्री के निरीक्षण और कड़ी नाराजगी के बाद बाबा नगरी में वर्षों से प्रस्तावित विकास योजनाओं की रफ्तार तेज होती है या फिर फाइलों और आश्वासनों तक ही विकास की कहानी सिमटकर रह जाती है।

Post a Comment

أحدث أقدم