फर्जी पदाधिकारी बनकर आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों से ठगी का आरोप

 

तीन-चार आंगनबाड़ी केंद्र और एक-दो स्कूलों में पहुंचकर लाखों रुपये ठगने की शिकायत


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी पंचायत अंतर्गत प्रताप नगर गांव से फर्जी पदाधिकारी बनकर आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों से कथित तौर पर ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर संबंधित लोगों ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

बताया जा रहा है कि एक युवक खुद को पदाधिकारी बताते हुए प्रताप नगर स्थित तीन से चार आंगनबाड़ी केंद्रों तथा एक-दो स्कूलों में पहुंचा। वहां उसने अपने पद का प्रभाव दिखाकर संबंधित लोगों को विश्वास में लिया और कथित रूप से लाखों रुपये की राशि की ठगी कर ली।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब संबंधित लोगों को युवक की पहचान और उसके पदाधिकारी होने के दावे पर संदेह हुआ। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कथित युवक के कुछ रिश्तेदार भी प्रताप नगर गांव में रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भी मामले की जानकारी दी गई, लेकिन फिलहाल उनकी ओर से कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।

अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने किस पदाधिकारी के रूप में अपनी पहचान बताई, किन लोगों से संपर्क किया और कथित तौर पर कितनी राशि की ठगी की गई। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

أحدث أقدم