नशे के खिलाफ कमरगामा में बुलंद हुई आवाज, बारिश में भी निकली बाइक रैली

नशामुक्त पंचायत बनाने का संकल्प, आसपास के गांवों में भी युवाओं ने चलाया जागरूकता अभियान


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- नशामुक्त पंचायत बनाने के संकल्प को लेकर कमरगामा पंचायत के लोगों ने अब नशे के खिलाफ सामाजिक मुहिम तेज कर दी है। नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बारिश के बावजूद शनिवार को सैकड़ों बाइक के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं और ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।

बाबा सिंहेश्वर मानव कल्याण फाउंडेशन (रजि.) के बैनर तले आयोजित नशामुक्ति जागरूकता बाइक रैली कमरगामा पंचायत से शुरू हुई। रैली श्यामनगर कोल्ड स्टोर होते हुए मानपुर पंचायत के जलवार, दुलार पीपरही पंचायत के काली चौक सहित विभिन्न इलाकों से गुजरी। इस दौरान माइकिंग के माध्यम से लोगों को शराब, नशीले पदार्थ और अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

बारिश भी नहीं रोक सकी युवाओं का जोश

रैली के दौरान लगातार बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में बाइक सवार हाथों में नशामुक्ति का संदेश लेकर विभिन्न गांवों से गुजरते रहे। रैली में शामिल लोगों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

रैली का उद्देश्य केवल कमरगामा पंचायत को नशामुक्त बनाना ही नहीं, बल्कि आसपास की पंचायतों में भी नशे के खिलाफ जागरूकता का माहौल तैयार करना रहा। आयोजकों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बढ़ती एकजुटता

कमरगामा पंचायत में नशामुक्त समाज बनाने को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी ने इस सामाजिक अभियान को मजबूती दी। रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि नशे की लत से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा में लाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाए।

रैली में कमरगामा पंचायत के मुखिया जयकृष्ण शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मनीष कुमार, पैक्स अध्यक्ष बलराम मंडल, मानपुर के उपमुखिया सुभाष मंडल, सुशील यादव, पप्पू कुमार यादव, शंभू कुमार, चंदन मंडल, सुनील कुमार, ब्रह्मदेव मंडल, मुकेश कुमार, संतोष यादव, मनोज यादव, मनोरंजन सिंह सहित सैकड़ों युवा शामिल हुए।

Post a Comment

और नया पुराने