सिंहेश्वर में विकास योजनाओं पर बोर्ड की मुहर, नल-जल पाइपलाइन, सड़क-नाला निर्माण और सौंदर्यीकरण को लेकर लिए गए अहम फैसले।

नगर पंचायत में सामान्य बोर्ड की बैठक करते नप अध्यक्ष



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- नगर पंचायत सिंहेश्वर में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर पंचायत बोर्ड की सामान्य बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष पूनम कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नल-जल पाइपलाइन, सड़क एवं नाला निर्माण, नालों की मरम्मत व सफाई तथा प्रमुख सड़कों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जबकि बुधवार को हुई सशक्त समिति की बैठक चाय नाश्ता तक ही सीमित रहा।

सामान्य बोर्ड की बैठक में राशि के अभाव के बावजुद वार्ड संख्या 1 में संतोष सिंह के घर से ओम शांति आश्रम तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत एवं साफ-सफाई कराने पर भी सहमति बनी।

प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल के समीप नाला एवं सड़क निर्माण तथा वार्ड संख्या 10 से त्रिशूल चौक होते हुए वार्ड संख्या 12 में जगदीश यादव के घर तक नाला और सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर भी बोर्ड में विचार किया गया।

पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वार्ड संख्या 10 में दिगंबर भगत के घर से त्रिशूल चौक तक पानी की पाइपलाइन बिछाने के साथ नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में नल-जल पाइपलाइन से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक में हॉस्पिटल रोड और पीएससी रोड के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं नगर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नालों की मरम्मत, सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

बोर्ड की बैठक में विकास से संबंधित कई प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनने के बाद अब इन योजनाओं के धरातल पर उतरने की उम्मीद है। योजनाएं पूरी होने पर नगर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।

बैठक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राज कुमार कुशवाहा, नगर पंचायत के कर्मी, सभी वार्डों के पार्षद एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم