20 हजार रुपये के लेन-देन में दोस्त ने दोस्त को मारी गोली। गले के बाएं हिस्से में लगी गोली, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

दोस्त की गोली से घायल दोस्त इलाज के दौरान 



कोशी तक/मधेपुरा:- जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरगांव में मंगलवार की सुबह 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक ने अपने दोस्त को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जख्मी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

जख्मी युवक की पहचान भटनी थाना क्षेत्र के बढ़कुरवा वार्ड संख्या 12 निवासी सचित यादव के 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान राहुल ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह बढ़कुरवा वार्ड संख्या 14 निवासी बालेश्वर शर्मा के पुत्र अखिलेश कुमार (19) के साथ भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव स्थित अपने मामा मिथलेश शर्मा के घर गया था। रात में वहीं रुककर दोनों ने बाहर कमाने जाने की योजना बनाई थी।

राहुल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अखिलेश कुमार हाथ में सिक्सर लेकर उसके सामने उसे दिखा रहा था। राहुल ने बंदूक चलने की आशंका जताते हुए उसे ऐसा करने से मना किया। इसी दौरान कथित तौर पर अखिलेश ने गोली चला दी। गोली राहुल के गले के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और उसके गले से खून बहने लगा।

राहुल ने बताया कि गोली मारने के बाद अखिलेश मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में उसे छटपटाते देखकर मिथलेश शर्मा ने अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

इस संबंध में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने