सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित निष्पादन

सहयोग शिविर में अधिकारी को सम्मानित करते बीडीओ 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत ईटहरी गहुमनी और बैहरी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। ईटहरी गहुमनी पंचायत में वरीय उप समाहर्ता संतोष कुमार और जिला योजना पदाधिकारी उमाशंकर प्रसाद की उपस्थिति में शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान पदाधिकारियों का मिथिला रीति-रिवाज के अनुसार पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया।

शिविर में वरीय उप समाहर्ता संतोष कुमार ने ग्रामीणों को सहयोग शिविर के उद्देश्य एवं इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का आवेदन लेकर उनका निष्पादन करने की पहल से ग्रामीणों को बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। इस दौरान लाभुकों के बीच जॉब कार्ड एवं राशन कार्ड का वितरण भी किया गया।

बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि सहयोग शिविर समाप्त होने के बाद भी ग्रामीण पंचायत सचिव एवं कार्यपालक सहायक के पास अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ईटहरी गहुमनी पंचायत में अब तक 105 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 98 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष सात आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया चल रही है। शिविर में बुधवार को भी नए आवेदन प्राप्त हुए।

वहीं बैहरी पंचायत में सीओ नवीन कुमार सिंह एवं मुखिया शेखर गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया। सीओ ने शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय आने की परेशानी काफी हद तक कम हुई है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड का पोर्टल खुलने के बाद राशन कार्ड में नाम जोड़ने से संबंधित आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हो रहे हैं।

सीओ ने बताया कि बैहरी पंचायत में पूर्व में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 92 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 18 आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया चल रही है। शिविर में बुधवार को भी ग्रामीणों द्वारा आवेदन दिए गए।

ज्ञात हो कि विगत एक माह से दोनों पंचायतों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी में पंचायत स्तर पर आम लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया चल रही है। शिविर में मुख्य रूप से राजस्व एवं भूमि सुधार, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, सांख्यिकी, श्रम संसाधन, शिक्षा विभाग, राशन कार्ड सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन लिए गए।

मौके पर ईटहरी गहुमनी की मुखिया नर्मदा देवी, बीएओ शुभम कुमार, केएस मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Post a Comment

أحدث أقدم