नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का डीडीसी ने किया उद्घाटन
कोशी तक/कुमारखंड मधेपुरा:- प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बाल विकास परियोजना कुमारखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन गुरुवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिल बसाक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पोषक क्षेत्र के लाभुकों के लिए समुदाय आधारित गतिविधियों के तहत अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी अनिल बसाक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक शिक्षा का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सीमा कुमारी ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही उचित पोषण, शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिले तो वे भविष्य में स्वस्थ, शिक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अज़हर इमाम, सीएम फेलो गायत्री कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक अमन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता मनरेगा, महिला पर्यवेक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
إرسال تعليق