ब्राह्मणों को शिक्षा, नौकरी और राजनीति में उचित भागीदारी मिले : लोक मंच

जिप विवाह भवन में ब्राह्मण समाज की बैठक, एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अधिकारों की मांग का लिया संकल्प


कोशी तक /मधेपुरा:- जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद के शिवराज होटल विवाह भवन में सोमवार को लोक मंच के बैनर तले ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के बुद्धिजीवी, युवा और बुजुर्गों ने शिक्षा, सरकारी नौकरी, राजनीति एवं सरकारी योजनाओं में उचित भागीदारी और सम्मान की मांग उठाई।मंच पर माला के घेरे में दिखे ब्राहमण समाज के दिग्गज


बैठक की अध्यक्षता सिंहेश्वर के पूर्व प्रमुख राजेश कुमार झा ने की। वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज को लेकर आर्थिक रूप से संपन्न होने की धारणा सही नहीं है। समाज में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो आर्थिक कठिनाइयों के बीच जीवन यापन कर रहे हैं। जरूरतमंद परिवारों को उनकी वास्तविक सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

लोक मंच के संस्थापक सह मुख्य अतिथि आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू झा ने कहा कि कोसी-सीमांचल क्षेत्र के ब्राह्मण समाज ने शिक्षा, समाज सुधार, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि लोक मंच ब्राह्मण समाज की समस्याओं और मांगों को सरकार एवं राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाने का काम करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज किसी अन्य वर्ग को पीछे करने की मांग नहीं कर रहा, बल्कि अपने अधिकार और उचित भागीदारी चाहता है।

सीमांचल कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर अजय झा ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा दूसरों को आगे बढ़ाने का काम किया है, लेकिन अब समाज को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

लोक मंच की प्रमुख मांगे:- लोक मंच के संस्थापक आशीष झा बब्बू ने इस मौके पर कहा कि लोक मंच के माध्यम से सरकार से हमारी कई मांगे है। इन मांगो के समर्थन में नवंबर में पटना में मिलर हाई स्कूल से पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें पूरे राज्य के ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। इन्होंने बताया कि मुख्य मांगो में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाने की मांग,आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने,संस्कृत शिक्षा में सुधार,परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने आदि शामिल है।

बैठक में मुखिया रूपेश झा, प्रमोद कुमार मिश्रा, राजेश झा (बेला), पूर्व सरपंच धर्म नारायण ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कामोद मिश्रा, अजीत झा, नटवर ठाकुर, श्याम नन्दन ठाकुर सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे। अंत में समाज की एकजुटता और समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Post a Comment

أحدث أقدم