बाबा नगरी के शिवगंगा से निकली हर घर तिरंगा यात्रा
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- मधेपुरा जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को सिंहेश्वर स्थित बाबा मंदिर के शिवगंगा परिसर से हर घर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित यात्रा का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी ने किया।
यात्रा में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा और भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा जय जवान-जय किसान के नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। शिवगंगा परिसर में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।
यात्रा में प्रखंड के अधिकारी, न्यास कर्मी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मी, श्रद्धालु सहित अन्य लोग शामिल हुए। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा में भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
बीडीओ ज्योति गामी ने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है। साथ ही यह यात्रा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने का माध्यम है।
बताया गया कि इस वर्ष 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बीडीओ ज्योति गामी, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, पीएसआई रौशनी सिन्हा, न्यास सदस्य सह पुजारी अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, मंदिर न्यास के प्रबंधक भवेश कुमार, धर्मशाला प्रभारी विवेक झा सहित अधिकारी, पुलिसकर्मी, न्यास कर्मी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
إرسال تعليق