प्रशांत किशोर की जीत पर मधेपुरा में जनसुराज का शक्ति प्रदर्शन, निकला भव्य विजय जुलूस

प्रशांत किशोर की जीत पर मधेपुरा में जन सूराज का शक्ति प्रदर्शन 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद मधेपुरा में जनसुराज कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय उत्सव मनाया। जिलाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में निकले विजय जुलूस में कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और पूरे शहर में शक्ति प्रदर्शन किया।

विजय जुलूस जनसुराज जिला कार्यालय से शुरू होकर कॉलेज चौक, बस स्टैंड, मुख्य बाजार होते हुए वर्षा हॉस्पिटल तक निकाला गया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने "बदलाव का नया बिहार", "जनसुराज जिंदाबाद" और "प्रशांत किशोर जिंदाबाद" के नारे लगाए। जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और समर्थकों की भागीदारी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि बांकीपुर का जनादेश स्पष्ट संकेत है कि बिहार की जनता अब विकास और वैकल्पिक राजनीति के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कहा कि संगठन को पंचायत से बूथ स्तर तक और मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम की आयोजिका डॉ. अंजना यादव ने कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि बिहार की जनता की उम्मीद और परिवर्तन की आकांक्षा की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की जनसंपर्क यात्रा और समाधान आधारित राजनीति पर जनता ने विश्वास जताया है।

पूर्व जिलाध्यक्ष अमलेश राय ने इसे विकास और सुशासन की जीत बताया, जबकि भूतपूर्व जिलाध्यक्ष दीपनारायण यादव ने कहा कि यह जनादेश ईमानदार और जनहितकारी राजनीति के पक्ष में आया है।

महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्षा मंजू सुमन ने कहा कि इस जीत से महिलाओं में नई उम्मीद जगी है और संगठन गांव-गांव तक महिलाओं को जोड़ने का अभियान चलाएगा। जिला मुख्य प्रवक्ता रंजीत सिंह ने इसे बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए कहा कि जनसुराज का संदेश अब हर गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा। व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ गुड्डू मुखिया ने कहा कि इस जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।

विजय जुलूस में मुख्य प्रवक्ता रंजीत कुमार सिंह, कार्यालय प्रभारी नीतीश कुमार, निर्मल यादव, खुशबू कुमारी, दिलीप कुमार, सचिदानंद भगत, सुबोध मंडल, अफताफ आलम, मनोज झा, चितरंजन, श्याम नारायण, राजेश झा, प्रो. बीरेंद्र सिंह, अश्वनी, मो. गुलजार, साहेब सिंह, मो. कैसर अली, कमल मुखिया सहित जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।

अबीर-गुलाल, फूलों की वर्षा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकला विजय जुलूस देर तक शहर में चर्चा का विषय बना रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत बिहार में परिवर्तन की राजनीति की नई शुरुआत का संकेत है।

Post a Comment

और नया पुराने