श्राद्ध भोज में गैंगवार: अंधाधुंध गोलीबारी में एक की मौत, युवक व गाय घायल

गैगवार में एक की मौत, एक व्यक्ति और एक गाय घायल 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर-शंकरपुर सीमा पर स्थित बेहरारी पंचायत के वार्ड संख्या-2 में शनिवार की देर रात श्राद्ध भोज के दौरान दो आपराधिक गिरोहों के बीच हुई अंधाधुंध गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक गाय गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान बेहरारी वार्ड संख्या-2 निवासी मोहन यादव के 45 वर्षीय पुत्र रामू यादव के रूप में हुई है। वहीं सहदेव यादव के 25 वर्षीय पुत्र राजकुमार यादव गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेकेटीएमसीएच) में चल रहा है।

श्राद्ध भोज में पहुंचे थे दोनों गुट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कबीयाही निवासी संदीप यादव उर्फ पहलवान और विवेक यादव के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार रात संदीप यादव अपने समर्थकों के साथ बेहरारी गांव में आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल होने पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर विरोधी गुट के विवेक यादव अपने हथियारबंद साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

20 से अधिक राउंड फायरिंग, मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोधी गुट के पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। अपराधियों ने 20 से अधिक राउंड फायरिंग की, जिससे भोज में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। गोलीबारी की चपेट में आने से रामू यादव और राजकुमार यादव को गोली लगी, जबकि पास में बंधी एक गाय भी घायल हो गई।

अस्पताल में हुई मौत

घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रामू यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजकुमार यादव का इलाज जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर, शंकरपुर सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से 20 से अधिक खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच पहले भी आपराधिक घटनाएं और हत्या के मामले हो चुके हैं।

पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने