कीटनाशकों के सुरक्षित प्रयोग को लेकर 200 किसानों को दिया प्रशिक्षण

कीटनाशक के सुरक्षित उपयोग लेकर डोसा किसान को प्रशिक्षण 


कोशी तक /मधेपुरा:- कृषि विज्ञान केंद्र, मधेपुरा में हिल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से कीटनाशकों के सुरक्षित प्रयोग एवं एकीकृत कीट प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 200 किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र, मधेपुरा के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. सुरेन्द्र चौरसिया ने किया। उन्होंने किसानों को फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने तथा कीटनाशकों का आवश्यकता के अनुसार और सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।

प्रशिक्षण के दौरान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार, राहुल कुमार वर्मा एवं प्रक्षेत्र प्रबंधक मृत्युंजय कुमार ने किसानों को कीटनाशकों के सही एवं सुरक्षित प्रयोग की जानकारी दी। किसानों को बताया गया कि फसल और उसकी अवस्था के अनुरूप ही कीटनाशक का चयन किया जाना चाहिए। साथ ही दवा की सही मात्रा, प्रयोग की विधि, जैविक एवं प्राकृतिक खेती में अपनाए जाने वाले उपायों तथा एकीकृत कीट प्रबंधन की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

हिल इंडिया लिमिटेड के सेल्स मैनेजर मनीष प्रकाश ने कंपनी के विभिन्न उत्पादों तथा उनके उचित प्रयोग की जानकारी किसानों के साथ साझा की। उन्होंने किसानों से दवाओं के प्रयोग के दौरान निर्धारित मात्रा एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में किसानों को कीटनाशकों के सुरक्षित प्रयोग के लिए सुरक्षा किट का भी वितरण किया गया। प्रशिक्षण से किसानों को फसल सुरक्षा के साथ-साथ कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी मिली

Post a Comment

أحدث أقدم