मुरलीगंज में शव पर लिपट कर रोते बिलखते परिजन
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मुरलीगंज–बिहारीगंज मुख्य मार्ग (एसएच-91) स्थित कठौतिया मोड़ के समीप शनिवार दोपहर करीब एक बजे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान सिंघियान पंचायत के धरहरा वार्ड संख्या-4 निवासी रत्नेश कुमार मंडल के 13 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि संजीव कुमार घर का सामान खरीदने के लिए साइकिल से प्रसादी चौक जा रहा था। इसी दौरान कठौतिया मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट लगी और वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल किशोर को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुरलीगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें