कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सावन माह शुरू होने से एक दिन पहले रविवार और सोमवार को ही बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक श्रद्धालु लगातार बाबा के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते रहे। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर के पुजारियों ने बताया कि रविवार से ही श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। यदि अभी से इतनी भीड़ है, तो सावन के सोमवारों में व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
भीड़ के बीच तीन महिला पॉकेटमार पकड़ी गईं।
श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी करने वाली तीन महिलाओं को मंदिर प्रशासन ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इनके पास से श्रद्धालुओं के नकद रुपये, पर्स, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए गए।
नेपाल के राजविराज स्थित गोरगामा वार्ड संख्या 6 निवासी संजना कुमारी ने बताया कि वह 14 महिलाओं के साथ बाबा के दर्शन के लिए आई थीं। इसी दौरान रेणु कुमारी मुखिया के बैग से करीब 3,000 और एटीएम कार्ड, डोमनी यादव के 5,000 तथा संगीता देवी के 2,000 चोरी हो गए।
वहीं मधेपुरा वार्ड संख्या- 4 निवासी रंजना कुमारी ने बताया कि उनके पर्स से 2,500 नकद और घर की चाबी भी निकाल ली गई।
बरामद राशि लौटाई, महिलाओं को पुलिस के हवाले किया
मंदिर प्रशासन ने तलाशी के दौरान बरामद राशि संबंधित श्रद्धालुओं को आवेदन लेकर वापस कर दी। वहीं शेष 1,270 नकद, एक मोबाइल, पर्स तथा एक संदिग्ध पुड़िया के साथ पकड़ी गई तीनों महिलाओं को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं आपस में बहन हैं। उनकी कथित पहचान पूजा कुमारी और आकृति कुमारी (मधेपुरा) तथा आरती कुमारी (सहरसा) के रूप में बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

إرسال تعليق