कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के रामपट्टी और जजहट सबैला पंचायत में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। हालांकि कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति और कुछ विभागों की धीमी कार्यप्रणाली के कारण लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा।
दोनों पंचायतों में आयोजित विशेष सहयोग शिविर का उद्घाटन वरीय उपसमाहर्ता संतोष कुमार ने किया। प्रखंड के सभी पंचायतों में पहले से विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए जा रहे थे, जबकि रामपट्टी और जजहट सबैला पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया था।
शिविर में सबसे अधिक परेशानी बिजली विभाग को लेकर देखने को मिली। दोनों पंचायतों में बिजली विभाग का कोई अधिकारी आवेदन लेने के लिए मौजूद नहीं था। वहीं राशन कार्ड से बड़ी संख्या में नाम हट जाने के कारण लोगों की भारी भीड़ राशन कार्ड संबंधी काउंटर पर उमड़ी। लेकिन ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकारियों ने आवेदकों को बाहर स्थित सीएसपी केंद्रों से ऑनलाइन आवेदन कराने और बाद में सूचना देने की सलाह दी। इससे विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
रामपट्टी पंचायत के शिविर प्रभारी सह बीसीओ निर्दोष कुमार ने बताया कि पिछले एक माह से आवेदन लिए जा रहे थे। कुल 107 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 93 का निष्पादन कर दिया गया है। शेष आवेदनों में त्रुटियां पाई गई हैं, जिन्हें सुधार के लिए संबंधित आवेदकों को वापस कर दिया गया है।
वहीं जजहट सबैला पंचायत में बीबी जीरामजी योजना के पीओ सुधांशु सुमन ने लोगों को योजना की नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब योजना के तहत 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। साथ ही 25 जून से 15 जुलाई तक जॉब कार्डधारियों को कार्य उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जल संरक्षण, कृषि कार्य, जलवायु परिवर्तन एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी चार प्रमुख श्रेणियों में कार्य कराए जाएंगे।
जजहट सबैला पंचायत की शिविर प्रभारी सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि यहां कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें लगभग सभी का निष्पादन कर दिया गया है। राशन कार्ड संबंधी ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लाभुकों को सीएसपी केंद्र से आवेदन ऑनलाइन कराने के बाद सूचना देने को कहा गया है, ताकि संबंधित आवेदन को स्वीकृत किया जा सके।
इस अवसर पर बीडीओ ज्योति गामी, सीओ नवीन कुमार सिंह, सीएचसी प्रभारी डा. रविन्द्र कुमार, मुखिया विजय सिंह, हरेंद्र मंडल, सीआई मुकेश गोप, जीविका के राजीव कुमार, रंजन कुमार भारती, प्रमोद ऋषिदेव, संजय ऋषिदेव, पंचायत सचिव आकाश कुमार, बीबी जी रामजी से संजय कुमार, जितेंद्र विश्वास, लोहिया स्वच्छता अभियान से छोटू कुमार एवं पारस कुमार, जजहट सबैला पंचायत से मुखिया प्रतिनिधि सह उपमुख्य पार्षद सिंहेश्वर परवेज आलम, उप प्रमुख मुकेश यादव, पंचायत सचिव राजेश कुमार, रूची राज, ललिता कुमारी, राजस्व कर्मचारी सुमन कुमार, गीता देवी, पीआरएस पवन कुमार, पंकज कुमार, लोहिया स्वच्छता अभियान से मो. सिराज, मो. सद्दाम सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



إرسال تعليق