कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 निवासी एक युवक की आंध्र प्रदेश में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे परिवार में मातम छा गया है। मृतक की पहचान विकास ऋषिदेव 25 पिता स्वर्गीय अशर्फी ऋषिदेव के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विकास ऋषिदेव आंध्र प्रदेश के एक राइस मिल में मजदूरी का कार्य करते थे। बताया गया कि वह स्थानीय ठेकेदार अजय के माध्यम से काम करने के लिए वहां गए थे। गुरुवार की रात काम खत्म होने के बाद करीब 11 बजे वह मिल से निकलकर सड़क पार कर अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि विकास की शादी महज आठ महीने पहले ही हुई थी। परिवार में उनकी मां, दो भाई और पत्नी हैं। कम उम्र में हुई इस असामयिक मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी विकास के कंधों पर थी।
फिलहाल परिजन शव को आंध्र प्रदेश से मुरलीगंज लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
मुरलीगंज से अंशु भगत



إرسال تعليق