बाबा सिंहेश्वर मंदिर के नाग गेट के पास गंदगी का अंबार, श्रद्धालुओं ने जताई नाराजगी

मंदिर के नाग गेट पर फेंका गया होटल का झुठा खाना 


कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर स्थित बाबा सिंहेश्वर मंदिर के नाग गेट के पास होटलों का बचा हुआ जूठा खाना और कचरा फेंके जाने से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थान धीरे-धीरे कचरा फेंकने का अड्डा बनता to जा रहा है, जिससे मंदिर परिसर की स्वच्छता और धार्मिक गरिमा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ होटल संचालक बचा हुआ भोजन और अन्य कचरा मंदिर के प्रवेश मार्ग के पास ही फेंक देते हैं। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वर के दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश करते हैं, जिससे उन्हें दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है।

श्रद्धालुओं ने यह भी बताया कि मंदिर रोड पर कुछ लोग मांस-मछली खाने के बाद उसका अवशेष भी आसपास फेंक देते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। लोगों ने इस पर रोक लगाने की मांग की है।

इस संबंध में सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार ने कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। होटल संचालकों को बुलाकर इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। साथ ही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मांग की है कि मंदिर परिसर और उसके आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मंदिर की गरिमा और स्वच्छता बनी रहे। हालांकि श्रद्धालुओं के आक्रोश को देखते हुए होटल मालिक ने कचरा को हटवा दिया।

Post a Comment

और नया पुराने