सखी वार्ता कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक, योजनाओं की दी गई जानकारी

महिला सशक्तिकरण की ओर एक मजबूत कदम 


कोशी तक/ग्वालपाड़ा मधेपुरा:- महिला एवं बाल विकास निगम पटना एवं जिला प्रशासन मधेपुरा के निर्देशानुसार जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन ग्वालपाड़ा प्रखंड के रोशना गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 94 पर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला हब के जिला मिशन समन्वयक इमरान आलम ने बताया कि सखी वार्ता का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी।

लैंगिक विशेषज्ञ मुमताज आलम ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से बाल विवाह नहीं करने तथा इसकी सूचना महिला हेल्पलाइन 181 पर देने की अपील की।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिमन्यु कुमार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं के स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

वहीं केस वर्कर लक्ष्मी कुमारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में बताते हुए कहा कि घरेलू, कार्यस्थल, सार्वजनिक स्थान या ऑनलाइन हिंसा से पीड़ित महिलाओं को यहां निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाएं हेल्पलाइन 181 पर संपर्क कर सकती हैं या सीधे वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में किशोरियों के बीच स्कूल बैग एवं सेनेटरी नैपकिन किट का वितरण किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड समन्वयक वंदना कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

أحدث أقدم