कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- भाजपा युवा मोर्चा बिहार के प्रदेश क्षेत्रीय प्रभारी सह अधिवक्ता राहुल यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के समग्र विकास को केंद्र में रखकर प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दी है। आज भारत विश्व मंच पर आत्मविश्वास, विकास और नेतृत्व की नई पहचान बना चुका है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व का विषय है कि मोदी सरकार ने बिना किसी बड़े भ्रष्टाचार या घोटाले के जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करते हुए 12 वर्ष पूरे किए हैं।
राहुल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने दावा किया कि हजारों गांवों तक बिजली पहुंची, स्वरोजगार के अवसर बढ़े, करोड़ों लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिला तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सहायता राशि पहुंचाई गई।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा करोड़ों शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाओं की उपलब्धता तथा रेलवे, सड़क, हवाई और जल परिवहन के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य किए गए हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों ने देश को नई दिशा दी है तथा करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने में मदद की है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नए आईआईटी, आईआईएम, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
राहुल यादव ने कहा कि धारा 370 का निरसन, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की समाप्ति, महिला आरक्षण विधेयक तथा राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा जैसे महत्वपूर्ण निर्णय मोदी सरकार की उपलब्धियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सीमा सुरक्षा और विकास के हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

إرسال تعليق