कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बेलो पंचायत के वार्ड नंबर 2 में शुक्रवार दोपहर एक महिला हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला की पहचान गलो देवी के रूप में हुई है, जो विलास पासवान की पत्नी बताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गलो देवी दोपहर करीब ढाई बजे बंसबिट्टी में जलावन चुनने गई थीं। इसी दौरान सूखे बांस के डंठल को तोड़ने के लिए वह बांस पर चढ़ गईं। बताया गया कि कच्चा बांस झुककर पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे महिला करंट की चपेट में आ गई।
करंट लगने से महिला बुरी तरह झुलस गई तथा उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने सूखे बांस-बल्ले की सहायता से महिला को नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए जननायक कर्पूरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
लोचन पासवान ने बताया कि घायल महिला उनके चचेरे भाई की पत्नी है तथा उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मुरलीगंज से अंशु भगत

एक टिप्पणी भेजें