
सिंहेश्वर के बड़ी ईदगाह में मनाया गया बकरीद का नमाज
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- प्रखंड क्षेत्र में बकरीद का त्योहार शनिवार को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम सिंहेश्वर प्रखंड के जजहट सबैला स्थित बड़ी ईदगाह में आयोजित किया गया, जहां हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में भी बकरीद की नमाज अदा की गई। जजहट, मजरहट, सिंहेश्वर, कलवारा सहित कई ग्रामीण इलाकों के लोग बड़ी ईदगाह में पहुंचे और सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की तथा जरूरतमंदों के बीच मांस का वितरण कर सामाजिक सहयोग एवं भाईचारे का संदेश दिया।
बकरीद के अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जजहट सबैला स्थित बड़ी ईदगाह में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में मुस्तैद दिखे। वहीं नमाज समाप्त होने के बाद नमाजियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 131 पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों का वन-वे परिचालन कराया गया।
ईदगाह के लगे मेला में बच्चों ने खरीदारी भी की और झुले का आनंद उठाया। आसपास साफ-सफाई, पेय जल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखी गई थीं। नमाजियों ने बताया कि बकरीद त्याग, बलिदान और आपसी भाईचारे का पर्व है, जो लोगों को एक-दूसरे की मदद करने और सामाजिक सोहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है।


إرسال تعليق