लोन के नाम पर खुली लूट! ठगी से भड़की महिलाओं ने किया हंगामा, दुर्गा चौक पर सड़क जाम


चिटफंड कंपनी के ठगी के विरोध में सड़क पर हंगामा करती महिलाएं 
दुर्गा चौक पर इस भवन में चलता चिटफंड कंपनी 



कोशी तक /सिंहेश्वर मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर खुलेआम ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साहुगंढ कारू टोला की दर्जनों महिलाओं से हजारों रुपये वसूलकर कंपनी के लोग फरार हो गए, जिसके बाद गुस्साई महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा।

आकांक्षा क्रेडिट कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नामक निजी कंपनी के एक कथित अधिकारी विशाल कुमार ने महिलाओं को झांसा दिया कि 5 से 10 हजार रुपये जमा करने पर उन्हें 1.10 लाख से 1.60 लाख रुपये तक का लोन तुरंत मिल जाएगा। लालच में आकर 19 महिलाओं से 5-5 हजार रुपये वसूले गए।

जब महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ तो वे दुर्गा चौक, गम्हरिया रोड स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचीं। लेकिन वहां ताला लटका मिला। इसके बाद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा—शटर पीटकर विरोध जताया गया और देखते ही देखते दुर्गा चौक रणक्षेत्र में बदल गया।

आक्रोशित महिलाओं ने एनएच-106 को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर हंगामा और नारेबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित महिलाओं ने रसीद दिखाते हुए बताया कि उन्हें डीसीबी बैंक के नाम पर कागज दिए गए थे, ताकि भरोसा पैदा किया जा सके। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें उसी दिन लोन राशि खाते में डालने का झूठा वादा किया गया था।

वही आकांक्षा क्रेडिट कैपीटल प्राइवेट लिमिटेड का ब्रांच बैरवन्ना वार्ड नंबर 5 निवासी रमेश सिंह के दुर्गा चौक स्थित मकान में है। मकान का एग्रीमेंट 4 मई को कराया गया था। जो सुपौल जिला के बिरौल थाना क्षेत्र के नारायणपुर वार्ड नंबर 8 निवासी दिनेश शर्मा का पुत्र राकेश कुमार शर्मा और बेगुसराय जिला के बिशनपुर वार्ड नंबर 2 निवासी अशोक सिंह का पुत्र आलोक कुमार सिंह का है। जिसकी भुमिका की भी जांच की जा रही है। 

सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद महिलाओं को शांत कराया।

हालांकि, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने सड़क जाम की बात से इनकार करते हुए कहा महिलाओं के जमा होने से जाम की स्थिति बन गई थी। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे फर्जी कंपनियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो गरीब और जरूरतमंद लोगों को इसी तरह ठगा जाता रहेगा।

Post a Comment

और नया पुराने