फिरौती के लिए दो व्यक्तियों को अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई, दोनों अपहृत के साथ दो अभियुक्त को मधेपुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार।

मधेपुरा पुलिस ने दो अपह्त को छुड़ाया, दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार



कोशी तक/मधेपुरा:- फिरौती के लिए दो युवकों के अपहरण के मामले में मधेपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपहृतों को सकुशल बरामद कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 09 मई 2026 को भर्राही थाना क्षेत्र के मदनपुर वार्ड नंबर 13 निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना मधेपुरा में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र मनोहर कुमार एवं दामाद करण कुमार मधेपुरा मेडिकल कॉलेज से दवाई और रिपोर्ट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज चौक के निकट दोनों का अपहरण कर लिया गया और अपहृत के मोबाइल से परिजनों से फिरौती की मांग की जाने लगी।

आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या-521/26 के तहत धारा 140(2)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फिरौती की रकम पहुंचाने के लिए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।

इसी क्रम में आरोपी अपहृत करण कुमार को साथ लेकर फिरौती लेने कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के निकट पहुंचा, जहां पहले से मौजूद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भिरखी वार्ड नंबर 21 निवासी ज्योतिष कुमार को गिरफ्तार कर लिया तथा करण कुमार को सकुशल मुक्त करा लिया।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को किरण पब्लिक स्कूल के निकट एक चाय दुकान से बरामद किया। साथ ही तुनियाही वार्ड नंबर 05 निवासी सोनू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार पूर्व में लूट एवं शराब मामले में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध मधेपुरा थाना एवं किशनगंज उत्पाद थाना में पूर्व से मामले दर्ज हैं।

सकुशल बरामद अपहृत

मनोहर कुमार, पिता- रामदत्त मेहता, निवासी मदनपुर वार्ड नंबर 13, थाना भर्राही, मधेपुरा, करण कुमार, पिता- स्व. विरेन्द्र मेहता, निवासी मानगंज वार्ड नंबर 06, थाना जदिया, जिला सुपौल

गिरफ्तार आरोपी

ज्योतिष कुमार, पिता- पवन यादव, निवासी भिरखी वार्ड नंबर 21, मधेपुरा

सोनू कुमार, पिता- सुरेश यादव, निवासी तुनियाही वार्ड नंबर 05, मधेपुरा

छापेमारी टीम में अधिकारी थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, एसआई रितेश कुमार, इंदल कुमार गुप्ता, कन्हैया कुमार, सिपाही पंकज कुमार, मो. कलाम, दीपक, तकनीकी शाखा की टीम शामिल थे।

Post a Comment

أحدث أقدم