मुरलीगंज थाना में एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर देते
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- बुधवार को पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने मुरलीगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, लंबित मामलों, पंजी संधारण तथा प्रशासनिक कार्यों का गहन अवलोकन किया।
एसपी ने थाना के अभिलेखों, अपराध पंजी एवं गंभीर मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों से एक-एक मामले की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर प्रकृति के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। एसपी ने कहा कि थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना प्राथमिकता है। नए थाना प्रभारी को पुलिसिंग में सुधार, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती बढ़ाने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सूखा नशा, शराब, मादक पदार्थों एवं नशे से जुड़े अवैध कारोबार पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए निरंतर अभियान चलाने की बात कही।
एसपी ने सक्रिय अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि थाना आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पूरे दिन प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। उनके दौरे से क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के संकेत मिले हैं।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें