आईसीडीएस में मिशन शक्ति योजना की समिक्षा करते डीएम
कोशी तक/मधेपुरा:- जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आईसीडीएस एवं मिशन शक्ति योजना की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस अंतर्गत संचालित छह सेवाओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और बिजली की सुविधा संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं अतिक्रमित भूमि को अंचलाधिकारी के सहयोग से मुक्त कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र संचालन में लापरवाही बरतने वाली सेविकाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत अगले दो माह में 50 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत लाभुकों का शत-प्रतिशत एफआरएस सुनिश्चित करने तथा टीएचआर की एंट्री समय पर करने का भी निर्देश दिया गया।
मिशन शक्ति योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर से जुड़े थाना स्तर पर लंबित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के अंतर्गत लंबित मामलों को संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र निष्पादित करने के निर्देश दिए गए। पलना घर के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने तथा पुलिस लाइन, मधेपुरा में नया पलना घर खोलने की बात भी कही गई। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सीमा कुमारी सहित सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, जिला समन्वयक, एनएनएम, केंद्र प्रशासक, लैंगिक विशेषज्ञ, प्रखंड समन्वयक एवं महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित थीं।
إرسال تعليق