कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर नगर पंचायत में होल्डिंग टैक्स कलेक्शन में कथित अवैध उगाही के आरोपी अमीन धनंजय झा को हटाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 20 मार्च को हुई नगर पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से उसे पद से हटाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं होने से सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, बैठक के बाद कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) राजकुमार कुशवाहा ने जांच के बाद जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके, करीब दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपी अमीन को नहीं हटाया गया है। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल को मुख्य पार्षद द्वारा एक बार फिर अमीन को हटाने का निर्देश दिया गया, लेकिन कार्रवाई फिर भी लंबित है। मुख्य पार्षद ने कहा यह तर्क दिया जा रहा है कि संबंधित अमीन का नाम जनगणना कार्य में शामिल है, जिसके कारण उसे हटाने में बाधा आ रही है।
वहीं, नगर पंचायत के भीतर ही मतभेद की स्थिति सामने आ रही है। कुछ वार्ड पार्षदों पर आरोपी अमीन को बचाने के आरोप लग रहे हैं, जबकि अधिकांश पार्षदों ने उसे हटाने की मांग दोहराई है। मुख्य पार्षद द्वारा पहले भेजे गए पत्र के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस पूरे मामले ने नगर पंचायत में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।

एक टिप्पणी भेजें